परसाटांड़ मोड़ पर फिर हुआ भीषण सड़क हादसा, दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई कार

0

Last Updated on November 28, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह से जमुआ जा रही कार अनियंत्रित होकर झाड़ियों में घुसी, बाल-बाल बची कार सवार महिला और पुरुष; स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर दोनों को बाहर निकाला

गिरिडीह। गिरिडीह-पचंबा-चितरडीह मुख्य मार्ग स्थित परसाटांड़ मोड़ पर शनिवार को एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में कार सवार एक महिला और पुरुष बाल-बाल बच गए। दोनों बाभनटोली के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उम्रदराज हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, महिला और पुरुष कार से गिरिडीह से जमुआ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान परसाटांड़ मोड़ के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी और एक दीवार से टकराकर रुक गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। कार में दोनों लोगों के फंसे होने के कारण स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों के सुरक्षित बचने पर मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

लगातार हादसों से उठ रहे सड़क सुरक्षा पर सवाल

परसाटांड़ मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। इसके बावजूद अब तक सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

लोगों ने संबंधित विभाग से मोड़ पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस पहल करने की मांग की है। इसमें आवश्यक संकेतक लगाने, सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और दुर्घटना संभावित स्थल पर उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो इस मोड़ पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *