पत्रकार अभिषेक भारती के समर्थन में टावर चौक पर गरजी भाजपा युवा मोर्चा, हेमंत सरकार के खिलाफ धरना
Last Updated on November 28, 2026 by Gopi Krishna Verma
कथित फर्जी मुकदमे और जेल भेजे जाने का विरोध; निष्पक्ष जांच व न्याय की उठी मांग, कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता हुए शामिल

गिरिडीह। पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ कथित तौर पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजे जाने के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गिरिडीह महानगर की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। यह धरना टावर चौक के समीप आयोजित किया गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने राज्य की हेमंत सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। धरने के माध्यम से पत्रकार अभिषेक भारती को न्याय दिलाने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।

लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर उठाए सवाल
धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा गिरिडीह महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ माना जाता है। पत्रकार समाज की समस्याओं और व्यवस्था व सरकार की कमियों को जनता के समक्ष रखते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की आलोचना करने वाले पत्रकारों पर मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है। रंजीत कुमार राय ने हेमंत सरकार से इस मामले में निष्पक्षता बरतने और पत्रकार अभिषेक भारती को न्याय देने की मांग की।

पूर्व विधायक जय प्रकाश वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की स्वतंत्रता और निष्पक्ष पत्रकारिता का विशेष महत्व है। पत्रकार जनता की आवाज बनकर समाज व व्यवस्था की खामियों को उजागर करते हैं।
जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की स्वतंत्रता अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारों की आवाज दबाने के बजाय उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से इस विषय में संवेदनशीलता दिखाते हुए न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चुन्नूकांत ने कहा कि भाजपा पत्रकारों की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों के पक्ष में मजबूती से खड़ी है। सरकार को विरोध की आवाज दबाने के बजाय जनता और पत्रकारों के सवालों का जवाब देना चाहिए।

युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष मिथुन चन्द्रवंशी ने कहा कि अभिषेक भारती को न्याय दिलाने की मांग को लेकर युवा मोर्चा अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सच लिखने और बोलने वालों का सम्मान होना चाहिए।

इनकी रही मौजूदगी
धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से भाजपा महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश यादव, चुन्नूकांत, जयप्रकाश वर्मा, विनय कुमार सिंह, सुरेश साव, युवा मोर्चा अध्यक्ष मिथुन चन्द्रवंशी, महामंत्री सिकंदर हेम्ब्रम, संगीता सेठ, देवराज, नवीन सिन्हा, संत कुमार लल्लू, अनूप सिन्हा, बबली साहू, राजेश गुप्ता, सिंकू सिन्हा, आकाश सिंह, विक्की गुप्ता, मनीष वर्मा, कुंदन सिंह, बबलू दास, इनोद साव, गंगाधर दास, गोपी तुरी और श्रेयांश सिन्हा समेत बड़ी संख्या में युवा एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
