सैनिक स्कूल तिलैया में कक्षा 6वीं और 9वीं में नामांकन का मौका, प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी को
Last Updated on November 19, 2026 by wpadmin
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू, 2 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन; लड़के और लड़कियां दोनों ले सकते हैं प्रवेश परीक्षा में भाग

प्रवेश परीक्षा। सैनिक स्कूल तिलैया में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह और नौवीं में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) के माध्यम से देशभर के 33 सैनिक स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसमें झारखंड के कोडरमा जिले में स्थित सैनिक स्कूल तिलैया भी शामिल है। खास बात यह है कि दोनों कक्षाओं में लड़के और लड़कियां आवेदन कर सकते हैं।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित होने वाली इस प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी रात 11:50 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क का भुगतान भी 2 दिसंबर तक करना होगा। इसके बाद 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन करने का अवसर मिलेगा। विलंब शुल्क के साथ भुगतान की अंतिम तिथि 7 दिसंबर निर्धारित की गई है।
उम्र के आधार पर तय की गई पात्रता
कक्षा छह में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की उम्र 31 मार्च 2027 को 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच निर्धारित की गई है।
वहीं, कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की उम्र 31 मार्च 2027 को 13 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होना चाहिए। इसके अलावा कक्षा नौवीं में नामांकन के लिए किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से आठवीं की परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
सामान्य वर्ग के लिए 850 और एससी-एसटी के लिए 700 रुपये शुल्क
प्रवेश परीक्षा के लिए सामान्य, रक्षा कर्मियों और पूर्व सैनिकों तथा केंद्रीय सूची के ओबीसी (एनसीएल) वर्ग के अभ्यर्थियों को 850 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 700 रुपये निर्धारित किया गया है।
31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा
एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 7 से 9 दिसंबर 2026 तक आवेदन फॉर्म में सुधार का मौका मिलेगा। परीक्षा केंद्रों के शहरों की घोषणा 11 जनवरी 2027 को की जाएगी। अभ्यर्थी 25 जनवरी से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी।
परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) पर आधारित होगी और पेन-पेपर यानी ओएमआर शीट के माध्यम से ली जाएगी। कक्षा छह की परीक्षा 150 मिनट की होगी, जिसके लिए 13 माध्यम उपलब्ध रहेंगे। वहीं कक्षा नौवीं की परीक्षा 180 मिनट की होगी और इसका माध्यम अंग्रेजी रहेगा।
एनडीए और नौसेना अकादमी की तैयारी का मिलता है अवसर
सैनिक स्कूल अंग्रेजी माध्यम के आवासीय विद्यालय हैं, जो सीबीएसई से संबद्ध हैं और रक्षा मंत्रालय के सैनिक स्कूल सोसाइटी द्वारा संचालित किए जाते हैं। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को अनुशासित शैक्षणिक वातावरण में शिक्षा देने के साथ राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), भारतीय नौसेना अकादमी और अन्य अधिकारी प्रशिक्षण अकादमियों में जाने के लिए तैयार किया जाता है।
यहां करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ अथवा https://nta.ac.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा के परिणाम की घोषणा की तिथि बाद में वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
स्रोत: सैनिक स्कूल तिलैया की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी सूचना।
