गिरिडीह: गांडेय के अहिल्यापुर में छठ की खुशियां मातम में बदलीं, नदी में डूबने से 12 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

0

Last Updated on November 14, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिल्यापुर के पचनटंड में लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान एक बड़ी अनहोनी हो गई। गांव में छठ पर्व मनाने आए एक 12 वर्षीय मासूम की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पर्व की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

धनबाद से परिवार के साथ आया था मासूम

जानकारी के अनुसार, धनबाद के हीरापुर निवासी अशोक मंडल का 12 वर्षीय पुत्र अंश कुमार अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाने अपने पैतृक गांव आया था। अंश के दादा द्वारिका मंडल गांव में ही छठ पूजा करते हैं। परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मनाने आया अंश इस बात से अनजान था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

नहाने के दौरान हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर बाद अंश गांव के ही कुछ अन्य बच्चों के साथ पास की बरसाती नदी में नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह संभाल नहीं पाया और पानी में डूब गया। साथियों के शोर मचाने पर जब तक ग्रामीण और परिजन वहां पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। नदी से बाहर निकाले जाने तक अंश की मौत हो चुकी थी।

खुशियों के घर में मचा कोहराम

जिस घर में छठ पर्व के गीतों और उल्लास के साथ खुशियों का माहौल था, वहां अब केवल चीख-पुकार और रोने की आवाजें गूंज रही हैं। इस अचानक हुई दुर्घटना ने परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल कर दिया है। एक मासूम की असमय और दर्दनाक मौत से पूरा अहिल्यापुर गांव स्तब्ध और मर्माहत है। त्योहार की चमक और रौनक इस दुखद घटना के बाद पूरी तरह फीकी पड़ गई है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed