Last Updated on September 27, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पूर्वी मंडल अंतर्गत ग्राम तुरुकडीहा (बूथ संख्या 168 एवं 169) में रविवार को भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण देखा व सुना गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, बुजुर्ग और महिलाएं मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा अभियान’ के तहत गांव में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का भी आयोजन किया गया। भाजपा नेत्री संगीता सेठ और प्रदीप राय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान टीकोडीह, तुरुकडीहा और पुरना नगर की सेविका, सहिया एवं पोषण सखी को समाज सेवा में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र की सैकड़ों माताओं, बहनों और बुजुर्गों के बीच साड़ी का वितरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार निरंतर गरीबों, महिलाओं, किसानों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्य की वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए सुरेश साव ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सेवा कार्य और सतत जनसंपर्क के जरिए जनता के बीच सक्रिय रहें।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से झुम्पा देवी, गुड़िया देवी, रिंकू देवी, निशा कुमारी, छाया देवी, भुनेश्वर मल्लाह, मनोज मल्लाह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सेविकाएं, सहिया, पोषण सखी एवं क्षेत्र के बुजुर्ग शामिल रहे।




