Last Updated on September 20, 2026 by Gopi Krishna Verma

बेंगाबाद (गिरिडीह)। गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत भलकुद्दर पंचायत स्थित विजयपुर गांव में शनिवार देर शाम वज्रपात (आसमानी बिजली) गिरने से 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान पाईका मुर्मू (62 वर्ष) के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, पाईका मुर्मू दिन में मवेशियों को चराने के लिए पास के जंगल की ओर गए थे। शाम को जब वे तेज बारिश के बीच अपने मवेशियों को लेकर घर लौट रहे थे, उसी दौरान अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आ गए। घटना स्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, मुखिया ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उधर, हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय भलकुद्दर पंचायत के मुखिया भैयालाल मुर्मू भी मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे पत्नी समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




