Last Updated on August 14, 2026 by Gopi Krishna Verma
स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य समारोह स्थल झंडा मैदान में होगा भव्य ध्वजारोहण, मंत्री सुदिव्य कुमार फहराएंगे तिरंगा

गिरिडीह। स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त 2026 के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह एवं विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। 15 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे झंडा मैदान, गिरिडीह में मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्य समारोह में माननीय मंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार सुदिव्य कुमार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी होगा ध्वजारोहण
जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण का समय भी निर्धारित किया गया है। इसके तहत जिला गोपनीय कार्यालय में प्रातः 8:20 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 10:10 बजे, कर्मचारी महासंघ भवन में 10:15 बजे, जिला परिषद कार्यालय में 10:30 बजे, सिविल सर्जन कार्यालय में 10:30 बजे, नगर निगम में 10:30 बजे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में 10:40 बजे, समाहरणालय परिसर में 11:00 बजे तथा पुलिस लाइन में 11:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस की सुबह निकलेगी प्रभात फेरी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रातः 7:00 बजे प्रभात फेरी का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें विद्यालयों के छात्र-छात्राएं सहित संबंधित विभागों की सहभागिता रहेगी। प्रभात फेरी के माध्यम से नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम से सजेगी स्वतंत्रता दिवस की शाम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शाम में नगर भवन, गिरिडीह में संध्या 5:00 बजे से 7:00 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के कलाकारों एवं विभिन्न संस्थानों द्वारा देशभक्ति, संस्कृति एवं राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

उपायुक्त ने सभी कार्यालय प्रधानों को अपने-अपने कार्यालयों में निर्धारित समय के अनुरूप ध्वजारोहण सुनिश्चित करने तथा समारोह में संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने संबंधित सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़े दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं तथा कार्यक्रम में आमजनों की सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए।
शराब, मांस, मछली की दुकानें रहेगी बंद
स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के सभी शराब, भांग, गांजा, मांस एवं मछली की दुकानें तथा सभी कसाईखाने पूर्णतः बंद रहेंगे। संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को उक्त अवधि में प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्देश दिया गया है।




