Last Updated on August 3, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने अपने कार्यालय कक्ष में खेल एवं पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, आवंटित राशि के उपयोग, लंबित कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, नियमित अनुश्रवण एवं विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही योजनाओं का अपेक्षित लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।

वहीं पर्यटन विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
खेल विभाग की समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने खेल सामग्री के समयबद्ध वितरण, निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियमों एवं अन्य खेल अवसंरचनाओं के कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय खेल परिसरों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करते हुए पे-एंड-प्ले मॉडल को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया, ताकि खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर नियमित खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिले और उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध हो सके।

बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, प्रगति की सतत समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, NREP के कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल के सहायक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी/कार्यकारी एजेंसी उपस्थित थे।




