Last Updated on August 1, 2026 by Gopi Krishna Verma
मंईयां सम्मान योजना के बाद अब सर्वजन पेंशन योजना के लाभुकों को मिली सौगात

गिरिडीह। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र लाभुकों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल करते हुए सर्वजन पेंशन योजना अंतर्गत जुलाई 2026 एवं अगस्त 2026 माह की पेंशन राशि का सफलतापूर्वक भुगतान किया गया है।
जिले के कुल 2,87,215 लाभुकों के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ₹58,34,80,000 (अट्ठावन करोड़ चौंतीस लाख अस्सी हजार रुपये) की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। इससे वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र लाभुकों को समय पर सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित हुआ है। सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित पेंशन योजना, स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन पेंशन योजना, एचआईवी/एड्स पेंशन योजना तथा आदिम जनजाति पेंशन योजना के लाभुकों को इस भुगतान का लाभ प्राप्त हुआ है।

जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में पेंशन भुगतान की सतत निगरानी की गई, ताकि प्रत्येक पात्र लाभुक तक राशि समय पर एवं पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। आधार आधारित डीबीटी प्रणाली के माध्यम से भुगतान किए जाने से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं जवाबदेह बनी है तथा लाभुकों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे उनके बैंक खाते में राशि प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन ने सभी लाभुकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों को आधार एवं मोबाइल नंबर से अद्यतन रखें तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित प्रखंड कार्यालय अथवा सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त करें।
गिरिडीह जिला प्रशासन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे।




