Last Updated on July 25, 2026 by Gopi Krishna Verma
छीनी गई दोनों सोने की चैन बरामद, बीते 11जुलाई की है घटना

गिरिडीह। पुलिस ने जिले में हुई दो चर्चित चेन स्नैचिंग की घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने कटिहार जिले में छापेमारी कर दोनों मामलों में छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित मंगल मूर्ति विवाह भवन के समीप एक महिला से तथा नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा पावर हाउस के पास दूसरी महिला से बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली थी। दोनों मामलों में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 186/2026 एवं नगर थाना कांड संख्या 150/2026 दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर धनबाद, बोकारो और कटिहार सहित कई स्थानों पर छापेमारी की।
कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला जराबगंज में छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों घटनाओं में छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली। बरामद चेन में मुफस्सिल थाना क्षेत्र की लगभग 11 ग्राम तथा नगर थाना क्षेत्र की लगभग 19 ग्राम वजनी सोने की चेन शामिल है।

पुलिस ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी लगातार कार्रवाई कर रही है। इस अभियान में सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार सिंह, रूपेंद्र कुमार राणा सहित मुफस्सिल, नगर, पचंबा थाना एवं तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।




