Last Updated on July 24, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिक उपस्थित हुए और अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ने एक-एक कर उपस्थित नागरिकों की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार शासन-प्रशासन व आम नागरिकों के बीच संवाद का माध्यम है। इससे ना केवल लोगों की समस्याओं का प्रत्यक्ष समाधान होता है, बल्कि जनता का विश्वास भी प्रशासनिक व्यवस्था में मजबूत होता है। जनता की समस्याओं को सुनना व समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जनता दरबार में लगभग 70 से अधिक फरियादियों ने उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से अवगत कराया।

उपायुक्त ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिजली विपत्र, भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक कलह, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड और जनसुविधा से संबंधित विषय प्रमुख रहें।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता व त्वरित कार्रवाई के साथ काम करें, ताकि जनता को अनावश्यक परेशान नहीं होना पड़े। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव है, उनका निपटारा नियमानुसार ढंग से तुरंत किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इस दौरान उपायुक्त ने कई मामलों का ऑन द स्पॉट निराकरण किया।




