Last Updated on June 20, 2026 by Gopi Krishna Verma
पुराने एडमिट कार्ड लेकर परीक्षा केंद्र नहीं आएं अभ्यर्थी, NTA द्वारा जारी नवीनतम एडमिट कार्ड ही होगा मान्य: उपायुक्त

गिरिडीह। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त, IAS प्रशिक्षु, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर 2, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था संधारण से जुड़े सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा संचालन से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जिले में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील परीक्षा है, इसलिए इसकी पवित्रता, गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने विशेष रूप से अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी NTA द्वारा जारी नवीनतम एवं वैध एडमिट कार्ड ही लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचे। उन्होंने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी।
परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा समय शाम 06:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने एवं परीक्षा प्रक्रिया को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि जिले के तीन परीक्षा केंद्रों—डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस पचंबा, गिरिडीह +2 उच्च विद्यालय तथा सर जे.सी. बोस स्कूल ऑफ एक्सीलेंस—में परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त पेट्रोलिंग दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया एवं अन्य व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़, अफवाह फैलाने वाले तत्वों एवं किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में परीक्षा अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परीक्षा के सफल संचालन एवं सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान हेतु जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06532-228829 निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को नियंत्रण कक्ष के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने कहा कि परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने अथवा कदाचार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




