Last Updated on June 15, 2026 by Gopi Krishna Verma

बेंगाबाद। प्रखंड के सोनवाद पंचायत अंतर्गत महदैया गांव के पथरडीह टोला में समता फेलो नवीन कुमार उर्फ नवीन राज टाइगर ने ग्रामीण महिलाओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान महिलाओं ने शिक्षा, पेयजल संकट, सरकारी योजनाओं से वंचित रहने एवं बच्चों में बढ़ती मोबाइल गेम की लत जैसी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को सामने रखा।

महिलाओं ने बताया कि गांव के कई बच्चे आजकल मोबाइल में फ्री फायर जैसे ऑनलाइन गेम खेलने में अधिक समय बिता रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। वहीं ग्रामीणों ने यह भी कहा कि कई जरूरतमंद परिवार आज तक सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं प्राप्त कर सके हैं, जिसके कारण उन्हें कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करना पड़ रहा है।
बैठक के दौरान महिलाओं ने गांव में पेयजल की गंभीर समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने बताया कि टोला में मात्र एक चापाकल है, लेकिन उसमें भी पानी नहीं निकलता है। ऐसे में ग्रामीण महिलाओं को लगभग आधा किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता है, जिससे काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

समता फेलो नवीन राज टाइगर ने महिलाओं की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए बच्चों एवं ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देने का सबसे मजबूत माध्यम है और मोबाइल गेम में समय बर्बाद करने के बजाय पढ़ाई एवं अपने भविष्य पर ध्यान देना जरूरी है।
साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि योजनाओं का सही तरीके से लाभ कैसे लिया जा सकता है। नवीन राज टाइगर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गांव की पेयजल एवं अन्य समस्याओं को संबंधित विभाग एवं अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।




