Last Updated on June 13, 2026 by Gopi Krishna Verma

नवडीहा। नवडीहा ओपी क्षेत्र चोरगता गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। भीषण गर्मी के कारण पूरा परिवार घर की छत पर सोया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने नीचे पूरे घर को खंगाल डाला। चोर अपने साथ करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, भैंस बिक्री के रखे 50 हजार रुपये नगद और सबसे महत्वपूर्ण जमीन के असली दस्तावेज समेट कर फरार हो गए। सुबह एक पेड़ के नीचे टुटे बक्से व कागज़ बिखरा हुआ पड़ा मिला।

घटना को लेकर पीड़ित दिलखुश चौधरी (पिता- मदन चौधरी) ने शनिवार को नवडीहा ओपी में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। भुक्तभोगी दिलखुश चौधरी ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 10 बजे रोज की तरह पूरा परिवार गर्मी की वजह से छत पर सोने चला गया था। इसी बीच देर रात अज्ञात चोर घर में दाखिल हुए। चोरों ने कमरों का ताला तोड़ा और बक्से-तिजोरी में रखे तीन बहुओं और दो बेटियों के कीमती जेवरात उड़ा लिए। सुबह करीब 4:00 बजे जब घर की महिलाएं नीचे उतरीं, तो बिखरा हुआ सामान और टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए।

‘नानी याद दिला देंगे’… पूर्व के जमीन विवाद और धमकी से जुड़े तार!
इस हाई-प्रोफाइल चोरी में केवल संपत्ति ही नहीं, बल्कि जमीन के पुश्तैनी कागजात भी गायब हैं, जिससे मामला संदेहास्पद हो गया है। पीड़ित ने सीधे तौर पर गांव और पड़ोस के ही अभिमन्यु चौधरी, राजदेव चौधरी, अविनाश चौधरी, महेश चौधरी, मनोज चौधरी, फुलेन्द्र चौधरी और प्रदीप चौधरी के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है।
आवेदन में कहा गया है कि इन लोगों के साथ पूर्व से केस नंबर 1187/2023 (पिटीशन सूट) के तहत जमीन का विवाद चल रहा है। “उक्त लोग हमें कोर्ट केस को लेकर लगातार धमकियां दे रहे थे कि रुक जाओ, ऐसी घटना को अंजाम देंगे कि नानी याद आ जाएगी। हमें पूरा शक है कि जमीन विवाद की रंजिश में ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है ताकि दस्तावेज गायब किए जा सकें।
“चोरी और जमीन विवाद के दोनों एंगल्स को ध्यान में रखकर गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। -सबिता कुमारी, ओपी प्रभारी नवडीहा




