Last Updated on June 8, 2026 by Gopi Krishna Verma
डीसी रामनिवास यादव के निर्देश पर डीटीओ संतोष कुमार ने ओवरलोड वाहनों पर की बड़ी कार्रवाई

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी, श्री संतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (जीटी रोड) पर सघन जांच की गई, जिसमें कुल 9 भारी वाहनों को ओवरलोड पाए जाने पर जब्त किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, भार क्षमता, परमिट, फिटनेस, कर भुगतान एवं अन्य परिवहन संबंधी मानकों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में कई वाहन निर्धारित भार क्षमता से अधिक माल परिवहन करते पाए गए, जिसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को जब्त किया गया।मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी, श्री संतोष कुमार ने बताया कि ओवरलोड वाहन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं, बल्कि सड़कों एवं पुलों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। इसके अलावा ऐसे वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जिससे आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा प्रभावित होती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपायुक्त रामनिवास यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में यातायात नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेजों के परिचालन एवं अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

जिला प्रशासन ने सभी वाहन मालिकों, परिवहन संचालकों एवं चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों एवं यातायात नियमों का पालन करें तथा वाहनों का परिचालन वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित भार क्षमता के अनुरूप ही करें। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इस प्रकार के जांच अभियान जिले में आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे।




