तिसरी: आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत पांच घायल

0

Last Updated on April 30, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। सकरी नदी किनारे बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े सात युवकों पर अचानक वज्रपात हो गया।

बताया जाता है कि शाम करीब चार बजे मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बेलवाना के आफताब अंसारी (30), चंदौरी के राजू तुरी (26), नूनमनी कुमार, अमन कुमार (24), चरना रविदास और चंदन कुमार नदी किनारे बैठे थे। बारिश से बचने के लिए सभी पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर पड़ी।

इस हादसे में नूनमनी कुमार और अमन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आफताब अंसारी और राजू तुरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि चरना रविदास और चंदन कुमार को हल्की चोटें आई हैं। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को चंदौरी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायल दो युवकों का इलाज जारी है।

वहीं मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम छा गया है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *