Last Updated on October 10, 2025 by Gopi Krishna Verma
सितंबर में ₹ 7,54,300 की हुई थी जुर्माना वसूल

गिरिडीह। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आज प्रातः 05:00 बजे जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने ताराटांड थाना अंतर्गत संचालित भारी/ओवरलोडिंग वाहन और गैर-जिम्मेदाराना ढ़ंग से संचालित वाहनों की जांच की।

इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत ओवरलोडिंग और ओवर हाइट अपराध के लिए 6 वाहनों को जब्त कर जुर्माना लगाया गया। उनमें से 3 वाहन रोड टैक्स और अन्य मानदंडों का भुगतान करने में विफल रहे, उक्त 4 वाहन को ताराटांड पुलिस स्टेशन में रखा गया। उक्त सभी वाहन क्षमता से अधिक वजन लेकर आवागमन कार्य कर रही थी। उन वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177/179/194 के अन्तर्गत कारवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया है। साथ ही डुमरी के समीप दो वाहनों को ओवरहाइट के कारण सुसंगत धाराओं में जुर्माना वसूला गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि उपायुक्त के निर्देश के आलोक में गिरिडीह जिला में नियम विरुद्ध तथा गैर जिम्मेदाराना ढंग से संचालित वाहनों पर कारवाई लगातार जारी रहेगी। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने (सितंबर) में कुल 7,54,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया था।




