Last Updated on October 4, 2026 by Gopi Krishna Verma
ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए टूर्नामेंट एक सराहनीय पहल, खिलाड़ियों को बेहतर खेल भावना से खेलने का दिया संदेश

नवडीहा। रविवार को नवडीहा ओपी क्षेत्र के चिलगा पंचायत के ग्राम गम्हरिया में बच्चों एवं युवाओं द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को धूमधाम से शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता सुभम कुमार ने फीता काटकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने मैदान में जाकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए निष्पक्ष एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
खेलों से बढ़ता है अनुशासन और आपसी भाईचारा: सुभम कुमार
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सुभम कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से छुपी हुई ग्रामीण प्रतिभाओं को सामने आने और आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर मिलता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी सौहार्द को मजबूत करता है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे सकारात्मक आयोजनों को पूरा प्रोत्साहन दिया जाएगा।

खिलाड़ियों व ग्रामीणों में दिखा जबरदस्त उत्साह
टूर्नामेंट के पहले दिन मैदान पर खिलाड़ियों और स्थानीय ग्रामीणों का भारी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रेमचंद राणा, जितेंद्र सिंह, टिकैत दास, अशोक, आनंद पासवान समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों का स्वागत किया तथा टूर्नामेंट के सफल संचालन में सहयोग के लिए आभार जताया। स्थानीय लोगों ने इस प्रतियोगिता को क्षेत्र के युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करने की दिशा में एक बहुत ही सराहनीय कदम बताया है।




