Last Updated on October 4, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट एवं आविष्कार डायग्नोस्टिक्स के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें समय पर प्राथमिक जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था।
निःशुल्क जांच और विशेष छूट की सुविधा
शिविर में आए मरीजों के लिए ब्लड शुगर, कैल्शियम, कोलेस्ट्रॉल एवं ईसीजी (ECG) जैसी महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं। इसके अलावा, गंभीर बीमारियों से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण पैथोलॉजिकल जांचों जैसे कि KFT, LFT, Vitamin B12, Vitamin D3 एवं Thyroid की जांच पर मरीजों को 50 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की गई।
सेवा सप्ताह के तहत 150 से अधिक लोगों की हुई जांच
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322 ए के रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में लायंस क्लब का ‘सेवा सप्ताह’ चल रहा है। इसी के तहत आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में 150 से अधिक लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। उन्होंने आगे बताया कि पूरे सप्ताह क्लब द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों तक राहत और सहायता पहुँचाने के उद्देश्य से कई प्रकार की सामाजिक एवं जनसेवा गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।

मेंटल हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम का होगा आयोजन
लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट के अध्यक्ष लायन राहुल बर्मन ने कहा, “क्लब का निरंतर प्रयास है कि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। भागदौड़ और तनावभरी जिंदगी को देखते हुए क्लब जल्द ही ‘मेंटल हेल्थ अवेयरनेस’ (मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता) कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। स्वास्थ्य जांच शिविरों का उद्देश्य लोगों को समय रहते अपनी बीमारियों के प्रति सचेत करना है, और भविष्य में भी ऐसे जनहित के कार्य जारी रहेंगे।”
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
शिविर को सफल बनाने में डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन राजेश कुमार गुप्ता, सचिव डॉ. सुमन कुमार, कोषाध्यक्ष लायन मसरूर आलम सिद्दकी, लायन डॉ. विकाश लाल, लायन मुकेश आनंद, लायन रवि राज, लायन दशरथ प्रसाद, लायन सुदीप गुप्ता, लायन शत्रुघ्न सिंह, लायन शब्बीर आलम और लायन अरविंद कुमार सहित क्लब के कई सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
वहीं, शिविर के सफल संचालन में आविष्कार डायग्नोस्टिक्स के संचालक श्री दिवेन तिवारी एवं उनकी पूरी टीम का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।




