Last Updated on September 15, 2026 by Gopi Krishna Verma

बेंगाबाद (गिरिडीह)। प्रखंड की कर्णपूरा पंचायत स्थित बिजलीबथान गांव की बेटी वर्षा वर्मा ने एमबीबीएस (MBBS) में चयनित होकर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव और समाज का नाम रोशन किया है। वर्षा, बिजलीबथान निवासी हरि महतो की पोती और दिनेश वर्मा की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र और समाज में हर्ष का माहौल है।
वर्षा ने अपने माता-पिता के साथ गुजरात के सूरत शहर में रहकर डॉक्टरी की कठिन तैयारी की और अपनी कड़ी मेहनत व लगन के बल पर यह सफलता हासिल की। उनके पिता दिनेश वर्मा सूरत में कॉन्ट्रैक्टर और व्यवसायी होने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं। वर्षा अब गुजरात की राजधानी स्थित प्रतिष्ठित गांधीनगर मेडिकल कॉलेज से डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी करेंगी।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने घर पहुंचकर बढ़ाया हौसला
वर्षा की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए समस्त झारखंड समाज सेवा ट्रस्ट, सूरत के पदाधिकारी उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि समाज की बेटियों की ऐसी उपलब्धियां गर्व का विषय हैं। ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना समाज का दायित्व है ताकि अन्य बच्चे भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा ले सकें।

सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को
सम्मान से अभिभूत वर्षा वर्मा ने ट्रस्ट का आभार जताया और अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन एवं गुरुजनों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के निरंतर सहयोग के बिना यह मुकाम पाना संभव नहीं था।
गांव और समाज के लोगों ने वर्षा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि अब सभी को उस पल का इंतजार है जब वर्षा एक सफल डॉक्टर बनकर लौटेंगी और समाज की सेवा करेंगी।




