Last Updated on September 1, 2026 by Gopi Krishna Verma
स्वच्छ और सुरक्षित भोजन बेचने का दिया गया संदेश

गिरिडीह। शहर में सड़क किनारे खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों को अब स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से सोमवार को दो दिवसीय स्ट्रीट फूड वेंडर्स प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हुई।
नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया, खाद्य सुरक्षा विभाग, नेस्ले इंडिया और गिरिडीह फुटपाथ दुकानदार विक्रेता संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन करीब 100 स्ट्रीट फूड वेंडरों को प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान विक्रेताओं को खाद्य पदार्थ तैयार करने में स्वच्छता का ध्यान रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, सुरक्षित खाद्य सामग्री के इस्तेमाल और खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों को किट और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे। गिरिडीह सदर के फूड ऑफिसर सुधीर रंजन ने वेंडरों को सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन तैयार करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले स्ट्रीट फूड वेंडरों को निःशुल्क फूड लाइसेंस उपलब्ध कराया जाएगा।
वहीं, नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया की ओर से पहुंचे दीपक जी ने विक्रेताओं को सरकारी योजनाओं के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित जरूरी जानकारियां दीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में गिरिडीह फुटपाथ दुकानदार विक्रेता संघ के अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा टार्जन, सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता पंकज कुमार सागर, सचिव अफगान उर्फ बबलू, मोहम्मद एहतराम, शक्ति कुमार साह, मोहम्मद इरफान अली, मोहम्मद समीर, शहादत हुसैन, पवन कुमार, मोहम्मद इकबाल, धीरज कुमार, आलोक चौरसिया, कालिदास, गोविंद दास, वसीम अहमद और मोहम्मद अली हसन समेत कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने बताया कि 1 सितंबर 2026 को प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन भी स्ट्रीट फूड वेंडरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित विक्रेताओं से शामिल होने का आह्वान किया गया है।




