Last Updated on September 7, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। बगोदर पुलिस ने वृद्ध महिला से जेवर छीनने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए त्वरित कार्रवाई कर वारदात के 24 घंटे के भीतर दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपराधियों की निशानदेही पर लूटी गई सोने की बाली (कनौसी) भी बरामद कर ली है।
घटना 6 सितंबर की है, जब अलगडीहा गांव की रहने वाली वृद्ध महिला सीता देवी (पति- जोधो महतो) से तीन अज्ञात अपराधियों ने जबरन सोने की बाली छीन ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही बगोदर थाना प्रभारी ने वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

त्वरित कार्रवाई में दो दबोचे गए
पुलिस टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर तीन में से दो आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान औरा गांव (थाना बगोदर) निवासी सादाब अंसारी उर्फ सद्दाम खान (36 वर्ष, पिता- मतल खान उर्फ नजु खान) और प्रकाश कुमार (36 वर्ष, पिता- बिनोद महतो उर्फ मदन महतो) के रूप में हुई है।
सामान बरामद, जेल भेजे गए आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सीता देवी से छीनी गई करीब 5.5 ग्राम वजन की सोने की दो कनौसी बरामद कर ली है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
सफल कार्रवाई करने वाली छापेमारी टीम में बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अंजन कुमार, हवलदार हरेन्द्र कुमार सिंह, आरक्षी नरेश राम तथा चौकीदार नितीश कुमार और सुजित कुमार शामिल थे।




