Last Updated on September 7, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। झारखंड महिला मजदूर मोर्चा (जिला शाखा गिरिडीह) के तत्वावधान में सोमवार को कोलडीहा स्थित ‘किरण पब्लिक स्कूल’ के सभा कक्ष में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। यह शोक सभा झारखंड सरकार के मंत्री स्वर्गीय सुदीव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित की गई थी। इस सभा में सैकड़ों की संख्या में कामकाजी महिलाओं, आंगनबाड़ी संघ और जलसहिया संघ की सदस्यों ने भाग लिया।

शोक सभा की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अंशुलता स्वरूप ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन झारखंड राज्य महिला जलसहिया कर्मचारी संघ की प्रदेश अध्यक्ष सितारा परवीन ने किया। सभा की शुरुआत में मोर्चा की जिला मंत्री सरिता देवी ने वर्तमान विषय और शोक सभा के उद्देश्य से सभी को अवगत कराया।
कामकाजी महिलाओं और जनता के सच्चे सेवक थे सुदीव्य सोनू: अशोक कुमार सिंह
सभा को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा के संरक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा, “हमने एक कर्मठ, होनहार और तेजस्वी समाजसेवी को खो दिया है। सुदीव्य कुमार सोनू कामकाजी महिलाओं के प्रति हमेशा उदार भावना रखते थे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहते थे। वे सिर्फ गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में बेहद लोकप्रिय थे।”
उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों और सरकार के बीच समन्वय बनाकर समस्या का बेहतरीन समाधान निकाला था। गिरिडीह के विकास के लिए उनके पास कई योजनाओं की रूपरेखा तैयार थी, लेकिन नियति ने उन्हें उन योजनाओं को धरातल पर उतारने का मौका नहीं दिया, जिससे पूरा क्षेत्र एक बड़े लाभ से वंचित रह गया।

2 मिनट का मौन रख दी गई श्रद्धांजलि
शोक सभा के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके बाद उनके तैलचित्र पर बारी-बारी से सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित
इस शोक सभा में मुख्य रूप से अंशुलता स्वरूप, सितारा परवीन, सरिता देवी, नीतू देवी, कविता भारती, प्रीति वर्मा, शिखा मुर्मू, दिव्या देवी, इसरत खातून, सहाबुद्दीन आलम, बबलू दास, अनिता कुमारी, नंदा सिंह, तरन्नुम निशा, शहजादी खातून, शिव्यानी रजक, पूनम पासवान, सुधा सिंहा, विनोद कुमार वर्मा सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।




