Last Updated on September 8, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। झारखंड सरकार के माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से पूरे गिरिडीह जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। दिवंगत आत्मा की शांति और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मंगलवार को समाहरणालय सभागार, गिरिडीह में एक शोकसभा का आयोजन किया गया।
शोकसभा के दौरान गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी और सहायक समाहर्ता यश कुमार समेत जिला प्रशासन के तमाम वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपूरणीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार का असमय जाना राज्य और गिरिडीह जिले के लिए एक बहुत बड़ी अपूरणीय क्षति है। जनसेवा और क्षेत्रीय विकास के प्रति उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं समाहरणालय के कर्मी भारी संख्या में मौजूद रहे।




