बड़ी ख़बर: चिलगा के लेदवाराडीह में नकली शराब बनाने की मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़
Last Updated on May 30, 2026 by Gopi Krishna Verma
छह लाख के 1440 बोलत नकली शराब व एक लाख की अन्य सामग्री बरामद

नवडीहा। शनिवार दोपहर को नवडीहा ओपी अंतर्गत चिलगा पंचायत के लेदवाराडीह में वर्षों से चल रहे नकली शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। इस संबंध में नवडीहा ओपी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेन्द्र कुमार व ओपी प्रभारी सबिता कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर उक्त स्थान पर छापेमारी कर लाखों के नकली शराब व शराब बनाने की विभिन्न वस्तुओं को बरामद किया गया। इस दौरान आरोपी संजय सिंह व उनके दो बेटे आशुतोष सिंह व ललन सिंह मौके से भागने में सफल रहे।

मनरेगा के आम बागबानी में बन रहा था शराब
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसडीपीओ ने बताया कि सूचना पर जब वे सब घटना स्थल पर पहुंचे तो देखा कि आरोपी अपने घर से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर लगे आम बागबानी के अंदर बने एक छोटे से कमरे में नकली शराब बनाने का काम कर रहा था। वहीं से बड़ी मात्रा में शराब बनाने व पैक करने के सामान व नकली शराब बरामद किया है। आरोपियों के पास अपना टेम्पो है जिससे उन्हें शराब परिवहन में आसानी होती थी।

छह लाख का शराब व एक लाख का सामना बरामद
एसडीपीओ व नवडीहा ओपी पुलिस के संयुक्त छापेमारी में मिनी शराब फैक्ट्री से साठ पेटी(1440 बोतल, प्रत्येक 375एमएल का) नकली शराब रॉयल स्टेज का लेबल लगा, अनुमानित कीमत लगभग छह लाख का बरामद किया गया। इसके अलावे कच्चा स्पिरिट दस लीटर, खाली सामानों में बीस लीटर का जार छह पीस, तीस लीटर का गैलेन सात पीस, 375एमएल का खाली सीसी 385 पीस, दो सो पीस शराब पैक करने के काटून, एक हजार लीटर का एक पानी टंकी के अलावे शराब बनाने व पैक करने में प्रयुक्त अन्य सामाग्री जैसे रेपर, ढ़क्कन, लेबल, रॉयल स्टेज स्टीकर, टेप आदि लगभग एक लाख की सामग्री बरामद किया गया।

“सूचना पर जब वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा घर में सिर्फ महिलाएं हैं, पुछने पर पता चला कि पुरुष लोग जमुआ व कहीं ओर गए हैं। फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है; परंतु शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वे लोग वर्षों से यह धंधा कर रहे थे।
–अमरेन्द्र कुमार, खोरीमहुआ एसडीपीओ
