विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता वाहन रवाना, तंबाकू मुक्त समाज का दिया संदेश

0

Last Updated on May 30, 2026 by Gopi Krishna Verma

डीसी ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

गिरिडीह। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति, गिरिडीह द्वारा तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।

इसी क्रम में आज समाहरणालय परिसर से उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार, सिविल सर्जन, डॉ बच्चा प्रसाद सिंह, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से तंबाकू नियंत्रण संबंधी जागरूकता वाहन को रवाना किया, जो जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक करेगा।

मौके पर उपायुक्त ने कहा कि जागरूकता वाहन के माध्यम से तंबाकू की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित कई जानलेवा रोग होने की संभावना बढ़ जाती है। अभियान के दौरान लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा जाएगा तथा नशा मुक्ति हेल्पलाइन एवं स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध परामर्श सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस का उद्देश्य केवल एक दिवस तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्थायी जागरूकता विकसित करना है। तंबाकू मुक्त जीवन स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल जीवन की आधारशिला है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी तंबाकू सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उपायुक्त ने आमजन से आह्वान किया कि वे अपने स्वास्थ्य एवं आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए तंबाकू से दूरी बनाए रखें और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं। अभियान के दौरान लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करते हुए राष्ट्रीय तंबाकू त्याग हेल्पलाइन नंबर 1800-11-2356 की जानकारी भी दी जा रही है।

तंबाकू छोड़ने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति इस टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं तथा नशामुक्त जीवन की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों में भी तंबाकू त्याग संबंधी परामर्श एवं सहायता उपलब्ध है। मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी समेत अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *