Last Updated on September 4, 2026 by Gopi Krishna Verma
एसआईआर कार्य के दौरान बीडीओ पर एक युवक पर विडियो बनाने के दौरान थप्पड़ जड़ने का लगा आरोप

गिरिडीह। गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड अंतर्गत कुसमाडीह पंचायत भवन में गुरुवार शाम ग्रामीणों के भारी आक्रोश और हंगामे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने सरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ललित नारायण तिवारी और उनके साथ मौजूद कर्मियों को एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया। घटना की खबर फैलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
वीडियो बनाने पर युवक से मारपीट का आरोप
घटना शाम करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बीडीओ पंचायत भवन में चल रहे एसआईआर (SIR) कार्य का निरीक्षण कर रहे थे और कर्मियों को दिशा-निर्देश देने के साथ डांट-फटकार लगा रहे थे। उसी दौरान स्थानीय युवक मोहम्मद आजाद अंसारी मोबाइल से इसका वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि बीडीओ इससे भड़क गए और उन्होंने युवक का गला दबाकर उसके साथ मारपीट की।

सैकड़ों ग्रामीणों ने घेरा, तीन थानों की पुलिस पहुंची
युवक के साथ मारपीट की खबर फैलते ही पंचायत भवन के बाहर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बीडीओ और कर्मचारियों को कमरे में बंद कर ताला लगा दिया और बाहर जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। शाम लगभग 6:00 बजे प्रशासन को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद सरिया, बगोदर और बिरनी थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
माफी मांगने पर अड़े रहे ग्रामीण
ग्रामीणों का उग्र रूप देखकर पुलिस भी स्थिति संभाल नहीं पा रही थी। देर रात करीब 9:30 बजे सरिया एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता और एसडीपीओ धनंजय राम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण इस बात पर अड़े रहे कि जब तक बीडीओ पीड़ित युवक और ग्रामीणों से हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगेंगे, तब तक ताला नहीं खोला जाएगा।

रात 11 बजे कराई गई मुक्ति
एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि अधिकारियों और पुलिस बल द्वारा लगातार की गई मशक्कत और ग्रामीणों से बातचीत के बाद रात लगभग 11:00 बजे बीडीओ और अन्य कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।




