Last Updated on September 4, 2026 by Gopi Krishna Verma
प्रेमी बिहार के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी मथुरा रविदास के पुत्र मिथुन कुमार है
एक नज़र
- बेंगाबाद के पहाड़पुर में 16 वर्षीय किशोर की हत्या का सनसनीखेज मामला
- प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या किए जाने का आरोप
- हत्या के बाद शव के चार टुकड़े कर दफनाने का दावा
- खोजबीन के दौरान कटा हुआ पैर मिलने से हुआ मामले का खुलासा
- मृतक की पहचान मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में
- मृतक बिहार के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह का निवासी था
- लड़की के बुलाने पर पहाड़पुर आने का परिजनों ने लगाया आरोप

गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर 16 वर्षीय किशोर की हत्या कर शव के टुकड़े किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि हत्या के बाद शव को चार टुकड़ों में कर आरोपियों ने अपने घर के पीछे जमीन में दफना दिया। गुरुवार को खोजबीन के दौरान कटा हुआ पैर मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

मृतक की पहचान बिहार के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी मथुरा रविदास के पुत्र मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी डॉ. बिमल के निर्देश पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, इंस्पेक्टर बमबम कुमार और बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव बरामद किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
एक वर्ष से प्रेम प्रसंग का दावा
मृतक के परिजनों के अनुसार, मिथुन का पहाड़पुर निवासी जगदीश दास की बेटी के साथ करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि लड़की के बुलाने पर मिथुन रविवार को पहाड़पुर पहुंचा था। इसके बाद उसे घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई।
मिथुन के अचानक लापता होने के बाद उसके परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान गुरुवार को पहाड़पुर में खोजबीन के क्रम में कटा हुआ पैर मिलने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया।

तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने पहाड़पुर निवासी जगदीश दास, उसकी पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।




