Last Updated on September 14, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र स्थित ईसरी बाजार में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बंगाल से झाड़ू लादकर उत्तर प्रदेश जा रहा एक ट्रक ईसरी बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के बाद जैसे ही आगे बढ़ा, लोहे के बिजली के खंभे से जा टकराया। खंभे से टकराने के बाद ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार भी ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे कार और ट्रक दोनों को भारी नुकसान पहुँचा है।
गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और ट्रक चालक समेत सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर निमियाघाट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से सड़क पर पलटे ट्रक को हटाने का काम शुरू कराया।


नो-एंट्री लागू करने की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि ईसरी बाजार में आए दिन हादसे होते रहते हैं। पूर्व में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू करने की बात कही गई थी, लेकिन व्यवस्था को सही तरीके से लागू नहीं किया गया, जिससे लगातार खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में नो-एंट्री नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।
मामले की पुष्टि करते हुए निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि खंभे से टकराने के कारण झाड़ू लदा ट्रक पलटा था। दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई है और क्रेन मंगवाकर वाहन को सड़क से हटवाया जा रहा है।




