गिरिडीह: पारिवारिक विवाद से तंग आकर पानी की टंकी पर चढ़ा शख्स

0

Last Updated on October 22, 2026 by Gopi Krishna Verma

4 साल के बच्चे के साथ 3 घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

एक नज़र:

  • घटना: पारिवारिक जमीन विवाद और पत्नी से कहासुनी के बाद सनसनीखेज कदम।
  • मौका: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह गांव स्थित करीब 150 फीट ऊंची पानी की टंकी।
  • सफलता: पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ से सुरक्षित बचाए गए पिता और मासूम बच्चा।

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह में गुरुवार को पारिवारिक जमीन विवाद और सुबह पत्नी के साथ हुई कहासुनी के बाद एक युवक ने जो कदम उठाया, उससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। महादेव तिवारी नामक यह युवक अपने चार साल के मासूम बच्चे को लेकर करीब 150 फीट ऊंची पानी की टंकी के ऊपरी हिस्से पर जा चढ़ा।

सुबह 10 बजे हुआ खुलासे, मची अफरा-तफरी

सुबह करीब 10 बजे जब स्थानीय लोगों की नजर पानी की टंकी पर चढ़े युवक और उसके बच्चे पर पड़ी, तो वहां अफरा-तफरी मच गई। टंकी पर बच्चे की मौजूदगी देखकर लोगों की सांसें अटक गईं और हर कोई उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठा।

ग्रामीणों ने तुरंत युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।

तीन घंटे तक चला पुलिस और प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालात की नजाकत को भांपते हुए एसआई शैलेन्द्र कुमार खुद पानी टंकी के ऊपर चढ़े और युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को राजी नहीं हुआ।

इसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी (CO) जितेंद्र प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल फोन के जरिए युवक से सीधे संवाद किया और उसे भरोसा दिलाया कि सुरक्षित नीचे उतरने के बाद उसकी पारिवारिक और जमीन से जुड़ी सभी समस्याओं का कानूनी व आपसी समाधान निकाला जाएगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार पिता और बच्चे को सकुशल नीचे उतार लिया गया, जिससे सबने राहत की सांस ली।

जमीन विवाद पर हुई पंचायत, नशे की चर्चा

सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पानी की टंकी के पास स्थित एक पेड़ के नीचे युवक के परिजनों (गोतिया) और स्थानीय गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत बैठी, जिसमें पारिवारिक जमीन विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत शुरू की गई।

घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच चर्चा थी कि युवक शराब के नशे में था, हालांकि प्रशासन की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *