Last Updated on October 10, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। तिसरी-गावां थाना क्षेत्र के धनेता गांव में लाठी और कुल्हाड़ी से किए गए जानलेवा हमले में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला शांति देवी की मौत हो गई। इस घटना में आरोपी की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बसंत भुला को गिरफ्तार कर लिया है।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम बसंत भुला ने अपनी पत्नी कारी देवी (30 वर्ष) और अपनी चाची शांति देवी (80 वर्ष) पर लाठी और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत गावां अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग चाची शांति देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी कारी देवी का इलाज जारी है।

मानसिक रूप से अस्वस्थ है पति
गंभीर रूप से घायल पत्नी कारी देवी ने बताया कि उनके पति बसंत भुला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उन्होंने दो दिनों से कुछ खाया-पीया भी नहीं था। घटना के वक्त आरोपी ने पहले जंगल में लाठी से हमला किया, उसके बाद घर आकर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इसके बाद उसने अपनी चाची शांति देवी को भी अपना शिकार बनाया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी बसंत भुला को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




