Last Updated on September 14, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित लुप्पी कदमाटोल से गावां में मजदूरी करने गए 10 मजदूरों का पारिश्रमिक हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित मजदूर सुखदेव दास ने सोमवार को बेंगाबाद थाने में आवेदन देकर ठेकेदार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की गुहार लगाई है।
निर्माण कार्य कराकर बकाया पैसा लेकर फरार हुआ ठेकेदार
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, महुआर निवासी ठेकेदार मोहन पंडित ने लुप्पी कदमाटोल के 10 मजदूरों—सुखदेव दास, रामेश्वर दास, महेन्द्र ठाकुर, भरत कुमार, राजेश ठाकुर, राजू ठाकुर, छोटू पंडित, ओकिल दास, डुगन साव और इदरीत अंसारी—को गावां स्थित रंधीर चौधरी के घर में निर्माण कार्य के लिए ले गया था। सभी मजदूरों ने वहां लगभग 26 दिनों तक लगातार काम किया। आरोप है कि ठेकेदार ने भवन मालिक रंधीर चौधरी से मजदूरी की एवज में मजदूरों को मात्र 62,500 रुपये दिलवाए और काम पूरा होने के बाद शेष रकम लेकर चुपके से फरार हो गया।

फोन पर दी धमकी, पुलिस कर रही जांच
मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदार ने उनके कुल 62,500 रुपये की धोखाधड़ी की है और अब वह उनका फोन भी नहीं उठा रहा है। बकाया राशि न मिलने पर सोमवार को पीड़ित मजदूर स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों के साथ महुआर स्थित ठेकेदार के घर पहुंचे।
वहां ठेकेदार के पिता विनोद पंडित और भाई राहुल पंडित ने मोहन पंडित से फोन पर बात कराई, जहां मोहन पंडित ने मजदूरी देने से साफ इंकार करते हुए कानूनी कार्रवाई करने की चुनौती दी। पीड़ित मजदूरों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर बकाया मजदूरी दिलवाने और दोषी ठेकेदार पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




