Last Updated on August 27, 2026 by Gopi Krishna Verma
बेंगाबाद के छोटकी खरगडीहा के हैं चारों युवक

गिरिडीह। साढ़े चार लाख रुपये की साइबर ठगी के एक मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने झारखंड के बेंगाबाद (छोटकी खरगडीहा) निवासी चार युवकों को धर दबोचा है। यह नाटकीय गिरफ्तारी करीब एक सप्ताह पहले पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर हुई, जब आरोपी ट्रेन से वापस लौट रहे थे।
मोबाइल लोकेशन बनी सबसे बड़ी कड़ी
मामले की तहकीकात में जुटी दिल्ली पुलिस की एक टीम आरोपियों का सुराग मिलते ही उनका पीछा कर रही थी। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से दो आरोपी किसी काम के सिलसिले में दिल्ली गए हुए थे। दिल्ली पुलिस ने उनके मोबाइल लोकेशन को ट्रैप (Track) करना शुरू किया। जैसे ही दोनों आरोपी ट्रेन में सवार होकर वापस झारखंड के लिए रवाना हुए, पुलिस की टीम भी उनके पीछे लग गई।
स्टेशन पर घेराबंदी और गिरफ्तारी
जैसे ही ट्रेन पारसनाथ स्टेशन पहुंची, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों युवकों—सगे भाई खुर्शीद अंसारी व जाबीर अंसारी, सरवर गुलाम और राजेश साहू—को मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने स्थानीय अदालत से चारों का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और उन्हें दिल्ली ले आई।
दिल्ली में पेशी के बाद अदालत ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस साइबर ठगी के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इसमें कितने अन्य लोग शामिल हैं।




