Last Updated on August 27, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट द्वारा किरण पब्लिक स्कूल, कोलडीहा में पौधरोपण (वृक्षारोपण) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल परिसर में 50 छायादार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व पर्यावरणीय असंतुलन की समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की आवश्यकता है।
क्लब के अध्यक्ष लायन राहुल बर्मन ने बताया कि जुलाई माह से लेकर अब तक क्लब द्वारा विभिन्न विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर 300 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इस वर्ष कुल 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक असंतुलन के कारण ही अतिवृष्टि और अनावृष्टि (सूखा) जैसी स्थितियां बन रही हैं। देश-दुनिया में बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाएं भी इसी असंतुलन का परिणाम हैं, इसलिए प्रकृति को संरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए स्कूल के चेयरमैन श्री अशोक कुमार सिंह ने कहा कि लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट हमेशा सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता है। स्कूल के निदेशक श्री राजीव कुमार सिंह ने भी क्लब के इन प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश, डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन राजेश कुमार गुप्ता, क्लब अध्यक्ष लायन राहुल बर्मन, कोषाध्यक्ष लायन मसरूर आलम सिद्दीकी, लायन सौरव महासेठ और लायन गौतम सागर सहित क्लब के कई सदस्य उपस्थित थे।




