लिंग चयन एवं भ्रूण लिंग जांच पर पूर्णतः अंकुश लगाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है: डीसी
Last Updated on April 20, 2026 by Gopi Krishna Verma
PC & PNDT अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर डीसी रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में PC &PNDT ACT) से संबंधित की बैठक

गिरिडीह। सोमवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में PC & PNDT Act के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी, PC & PNDT के सदस्य एवं अन्य संबद्ध अधिकारी उपस्थिति थे।

बैठक में मुख्य रूप से गिरिडीह जिले में अल्ट्रासाउंड क्लीनिक/सेंटर, पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत रजिस्टर्ड क्लीनिक, पिछले बैठक में लिए गए निर्णय का अनुपालन, नए अल्ट्रासाउंड केंद्र हेतु प्राप्त आवेदन एवं रिन्यूअल को लेकर कमिटी द्वारा विचार विमर्श किया गया। साथ हीं उपायुक्त ने गिरिडीह जिला में अनाधिकृत रूप से बिना लाइसेंस के संचालित क्लीनिक के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर छापेमारी दल का गठन करते हुए गहन छापेमारी अभियान चलाने एवं आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। जिससे अवैध रूप से संचालित क्लिनिक को बंद कराया जा सके। उन्होंने प्लान पर चर्चा कर प्रखंड एवं जिला स्तर पर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने आज की बैठक में प्रस्तुत नए अल्ट्रासाउंड केंद्र को लेकर प्राप्त आवेदनों को वेरिफिकेशन के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देशित किया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लिंग चयन एवं भ्रूण लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा तथा समाज में लैंगिक संतुलन बनाए रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, और इसके उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में संचालित सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नियमित निरीक्षण, पंजीकरण एवं अभिलेखों के संधारण की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही, आमजनों के बीच जागरूकता बढ़ाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
