भाजपा का पीरटांड़ प्रखण्ड मुख्यालय पर एक दिवसीय धरनाहेमंत सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार का आरोप

0

Last Updated on May 20, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार द्वारा किसानों के साथ किए जा रहे कथित वादाखिलाफी, धान खरीद में अनियमितता, भुगतान में देरी एवं बढ़ते भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के आह्वान पर राज्यव्यापी एक दिवसीय धरना कार्यक्रम के तहत आज पीरटांड़ प्रखण्ड मुख्यालय में भाजपा पीरटांड़ मंडल एवं हरलाडीह मंडल द्वारा संयुक्त धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हरलाडीह मंडल अध्यक्ष सोमनाथ पांडेय ने की। धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं किसान शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई तथा किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा गया। धरना के पश्चात भाजपा नेताओं ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी मनोज मरांडी को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता प्रकाश सेठ ने कहा कि राज्य सरकार ने इस वित्तीय वर्ष में 60 लाख मैट्रिक टन धान खरीदने का दावा किया था, लेकिन अब तक मात्र 25 लाख मैट्रिक टन धान की ही खरीद हुई है, जो किसानों के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने कहा कि किसानों से धान एवं अन्य अनाज खरीदने के महीनों बाद भी भुगतान नहीं होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। किसान अपनी मेहनत और उम्मीद के साथ फसल बेचते हैं, लेकिन समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। खेती पहले से प्राकृतिक आपदाओं और बढ़ती लागत से जूझ रही है, ऐसे में भुगतान में देरी किसानों की मुश्किलों को और बढ़ा रही है।

जिला मंत्री सुरेश प्रसाद मंडल ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता त्राहिमाम कर रही है और सरकार पूरी तरह मस्त है।भाजयुमो प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने कहा कि झारखंड की जनता और किसान अब सरकार से जवाब मांग रहे हैं। किसानों की जमीन की सुरक्षा, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार भूमि घोटाले और भ्रष्टाचार के मामलों से राज्य की छवि धूमिल हुई है।

भाजपा महामंत्री सिकन्दर हेम्ब्रम ने कहा कि पीरटांड़ प्रखण्ड एवं अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है। बिना पैसे के आम जनता का कोई कार्य नहीं हो रहा है। भाजपा नेता मनोज साहू ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है, जबकि पूर्व उपाध्यक्ष श्याम प्रसाद ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रखण्ड एवं अंचल कार्यालय में अफसरों की मनमानी अब नहीं चलने दी जाएगी।

धरना कार्यक्रम में मुख्य रूप से रंजीत रॉय, प्रकाश सेठ, सुरेश प्रसाद मंडल, सिकन्दर हेम्ब्रम, श्याम प्रसाद, रिंकी देवी, संजीव कुमार, सोमनाथ पांडेय, अरबिंद बर्णवाल, संतोष राणा, मनोज पंडित, मुकेश मंडल, सुमित कुमार, फलेन्दर सिंह, पंकज मिश्र, उत्तम वर्मा, अंजू टुडू, प्रशांत तिवारी, भोला वर्मा, हिरालाल सिन्हा, प्रदीप सिंह, बबलू मरांडी, संजय सोरेन, महेंद्र राय, दरबारी मुर्मू सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *