रिम्स जमीन घोटाले में गिरफ्तार शैलेश कुमार के ठिकानों पर एसीबी का छापा, गिरिडीह में सुबह से खंगाले जा रहे दस्तावेज
Last Updated on November 20, 2026 by Gopi Krishna Verma
आधा दर्जन गाड़ियों से पहुंची एसीबी की टीम, शास्त्री नगर स्थित आवास पर भारी पुलिस बल तैनात; रांची आवास पर भी एक साथ चल रही छापेमारी

गिरिडीह। रिम्स जमीन घोटाले की जांच के सिलसिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार की अहले सुबह एसीबी की टीम ने रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन घोटाले में गिरफ्तार तत्कालीन अंचल अधिकारी शैलेश कुमार के गिरिडीह और रांची स्थित आवास पर एक साथ छापेमारी शुरू की। गिरिडीह में शास्त्री नगर स्थित उनके पारिवारिक आवास पर सुबह से ही एसीबी की टीम जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

बताया जाता है कि अहले सुबह करीब आधा दर्जन गाड़ियों से एसीबी के अधिकारी और पुलिस जवान शास्त्री नगर स्थित आवास पहुंचे। टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात है। घर के अंदर अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच की जा रही है। वहीं, रांची स्थित आवास पर भी एसीबी की दूसरी टीम छापेमारी कर रही है।

रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है मामला
गौरतलब है कि शैलेश कुमार रांची के बड़गाईं अंचल में तत्कालीन अंचल अधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े कथित घोटाले में एसीबी ने उन्हें गिरफ्तार किया था। आरोप है कि जमीन दलालों, बिल्डरों और अधिकारियों के कथित गठजोड़ ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर अपार्टमेंट का निर्माण कराया था। इस मामले में एसीबी रांची थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत जांच कर रही है।

पहले भी गिरिडीह आवास पर हो चुकी है छापेमारी
शैलेश कुमार के परिवार का आवास गिरिडीह के शास्त्री नगर में है। इससे पहले भी एसीबी की टीम उनके गिरिडीह स्थित आवास पर छापेमारी कर चुकी है। इस बार दोनों शहरों में एक साथ कार्रवाई को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फिलहाल एसीबी की टीम घर में उपलब्ध दस्तावेजों, बैंक खातों, जमीन से संबंधित कागजात और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच के दौरान किन-किन दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की बरामदगी हुई है।
