पीएम जनमन आवास योजना: सरिया के बिरहोर टांडा में 8 परिवारों का गृह प्रवेश, डीडीसी ने किया निरीक्षण

0

Last Updated on November 20, 2026 by Gopi Krishna Verma

भगवान बिरसा मुंडा जयंती और राज्य स्थापना दिवस के तहत 15 से 28 नवंबर तक जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं

गिरिडीह। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 15 से 28 नवंबर तक जिलेभर में भव्य आयोजनों और विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की जा रही है।

इसी कड़ी में शुक्रवार को उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने सरिया प्रखंड अंतर्गत बिरहोर टांडा, पिपराडीह (चिचकी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत संचालित प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों में 8 बिरहोर परिवारों को विधिवत गृह प्रवेश कराया। नए पक्के आवास मिलने से लाभुक परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष दिखा।

बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के निर्देश

उप विकास आयुक्त ने कहा कि पीएम जनमन अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से आच्छादित कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। बिरहोर समुदाय के परिवारों को पक्का आवास मिलना उनके सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीएम जनमन समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही लाभुक परिवारों को पेयजल, बिजली, स्वच्छता और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने की कार्रवाई करने को कहा, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ जमीनी स्तर पर दिख सके। उप विकास आयुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और संघर्षों से प्रेरणा लेते हुए जनजातीय समाज के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान तथा सर्वांगीण विकास के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।

28 नवंबर तक चलेंगे विशेष आयोजन

जिले में 15 से 28 नवंबर तक आयोजित हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वितरण, जागरूकता गतिविधियां और जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि इन आयोजनों के जरिए विकास की योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और समावेशी विकास की परिकल्पना धरातल पर साकार हो सके।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *