देर रात तुलाडीह में सात घरों में लगी भीषण आग, लाखों की संपति जल कर हुई राख
Last Updated on April 22, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। मंगलवार की देर रात प्रखंड क्षेत्र के भरकट्टा ओपी अंतर्गत ग्राम तुलाडीह में रात्रि करीब 9 बजे एक मकान में आग लग गई, देखते हीं देखते इस भीषण आग ने कई घरों को अपने चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे पहले एक घर में आग लग गई, अन्य घरों के पास पास होने के कारण हवा के रफ्तार से आग ने दूसरे घरों को भी अपने लपेट में लेना शुरू कर दिया, आग इतनी भयंकर थी ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद भी घर में रखे सामानों को निकाला नहीं जा सका।

इस अगलगी में बासुदेव ठाकुर, शक्ति ठाकुर, मुरली ठाकुर, नागो ठाकुर, बंगाली ठाकुर, सुदामा ठाकुर, और अर्जुन ठाकुर के घर एवं घर में रखा हुआ अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, जेवर, एवं कागजात तथा जरूरी सामान पूरी तरह से जल कर खाक हो गया। आग बुझाने के लिए ग्रामीणों के प्रयास के बावजूद लोगों द्वारा दमकल विभाग को सूचना दी गई, परंतु दमकल के पहुंचने के पूर्व हीं सारा सामान जल कर खाक हो चुका था। स्थानीय ग्रामीण शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जता रहे हैं। हालांकि स्थानीय प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं की गई है।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि राजकुंवर नारायण सिंह, जिप सदस्य सूरज सुमन, शाखाबरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, समाजसेवी जितेंद्र सेठ, समेत हज़ारों ग्रामीण पहुंच कर राहत कार्य में लगे थे। वहीं ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से तत्काल राहत सामग्री, अस्थाई आवास एवं उचित मुआवजा देने की मांग किया।
