निमियाघाट में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, लूट की तैयारी कर रहे पांच अपराधी गिरफ्तार
Last Updated on November 28, 2026 by Gopi Krishna Verma
रांगामाटी के लॉज में छापेमारी कर पुलिस ने दबोचा, पिस्टल, दो देसी कट्टा, कारतूस और तीन बाइक बरामद

गिरिडीह। निमियाघाट थाना क्षेत्र के रांगामाटी में जीटी रोड किनारे स्थित एक लॉज में छिपकर बड़ी लूट की योजना बना रहे पांच अपराधियों को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से गिरिडीह और बोकारो जिले के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं ज्वेलरी दुकानों में संभावित लूट की बड़ी वारदात टल गई।

पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को 27 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि रांगामाटी स्थित एक लॉज में कुछ संदिग्ध अपराधी जुटे हैं। ये गिरिडीह शहर और बोकारो जिले के सिटी थाना क्षेत्र में किसी बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान अथवा ज्वेलरी दुकान में डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की। टीम ने लॉज में छापेमारी कर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दो महीने से इलाके में रहकर कर रहे थे रेकी
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे पिछले दो महीने से इस इलाके में रहकर लूट की घटनाओं को अंजाम देने के लिए रेकी कर रहे थे। गिरिडीह के बाजार स्थित बैंक और बड़े ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों के अलावा बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र स्थित तनिष्क ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना ली गई थी। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने की तैयारी पूरी कर ली गई थी।

यूपी और बिहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रामपुर निवासी आकाश सिंह (39 वर्ष), बिहार के नालंदा जिले के अतासराय निवासी सुजीत कुमार (20 वर्ष), वैशाली जिले के शेखोपुर दड़िया निवासी जयंत कुमार (21 वर्ष), वैशाली के खरिकां निवासी प्रियांशु कुमार (23 वर्ष) और वैशाली जिले के महुआचतुर निवासी रंजन कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है।

हथियार और तीन बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 7.65 एमएम पिस्टल, दो देसी कट्टा, 7.65 एमएम की चार जिंदा गोलियां, .315 बोर की चार जिंदा गोलियां और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें दो अपाची मोटरसाइकिल और एक होंडा हॉर्नेट शामिल है। एक अपाची बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-01HN-5285 तथा दूसरी का BR-51E-2895 बताया गया है। हॉर्नेट बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

दो आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्य आरोपी आकाश सिंह का उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं जयंत कुमार के खिलाफ वैशाली जिले के भगवानपुर थाने में भी मामला दर्ज है।

छापेमारी दल में डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार, डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार, निमियाघाट थाने के एसआई मो. उमर खान और निमियाघाट थाना का सशस्त्र बल शामिल था।
