शहरपुरा स्कूल में अब CBSE अंग्रेजी माध्यम से होगी पढ़ाई, 1.50 लाख से बनेगी वेबसाइट
Last Updated on November 19, 2026 by Gopi Krishna Verma
सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बनने के बाद बदल रही विद्यालय की तस्वीर, 2027 से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र; डिजिटल पहचान देने की भी तैयारी तेज

नवडीहा। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में जमुआ प्रखंड स्थित उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, शहरपुरा की तस्वीर बदलने वाली है। विद्यालय का चयन सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (CM SOE) के रूप में किया गया है। यहां शैक्षणिक सत्र 2027-28 से सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए विभागीय स्तर पर भी कार्य शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में अब विद्यालय को डिजिटल पहचान देने की पहल की गई है। स्कूल की अपनी वेबसाइट बनाई जाएगी, जिस पर अनुमानित 1.50 लाख रुपये खर्च होंगे।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी पत्रांक 56/2026 के माध्यम से वेबसाइट निर्माण के लिए इच्छुक आईटी कंपनियों से कोटेशन आमंत्रित किया गया है। विद्यालय शिक्षक सदन में प्रधानाध्यापक की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं शिक्षकों की मौजूदगी में हुई बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। बैठक में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के राज्य नोडल पदाधिकारी के दिशा-निर्देश के आलोक में वेबसाइट निर्माण पर चर्चा हुई। इसके बाद सर्वसम्मति से कोटेशन आमंत्रित करने का फैसला लिया गया।

2027 से CBSE अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई की तैयारी
शहरपुरा प्लस टू उच्च विद्यालय का सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के लिए चयन ग्रामीण शिक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे जमुआ और आसपास के ग्रामीण इलाकों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। पूर्व में इस विद्यालय के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में चयन की खबर भी प्रकाशित हो चुकी है। विभागीय योजना के अनुसार यहां सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप शैक्षणिक व्यवस्था विकसित की जानी है।

विद्यालय में स्मार्ट क्लास रूम, आईसीटी लैब, साइंस एवं मैथ्स लैब, पुस्तकालय और अन्य आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इसके लिए आधारभूत संरचना का आकलन और विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई है। चयनित विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्धता दिलाने की प्रक्रिया के बाद शैक्षणिक सत्र 2027-28 से पढ़ाई शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विद्यार्थियों को मुफ्त किताबें और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की भी योजना है।

पांच साल तक वेबसाइट अपडेट करने की जिम्मेदारी
विद्यालय की वेबसाइट ‘CM SOE UPG+2 HIGH SCHOOL SHAHARPURA, JAMUA, GIRIDIH’ के नाम से बनाई जाएगी। इसके निर्माण के लिए इच्छुक और योग्य आईटी कंपनियों से कोटेशन मांगा गया है। कंपनी के पास जीएसटी नंबर होना अनिवार्य होगा। साथ ही विद्यालय की वेबसाइट बनाने का अनुभव भी जरूरी रखा गया है।
वेबसाइट निर्माण करने वाली कंपनी को अगले पांच वर्षों तक सीएमएस के माध्यम से वेबसाइट अपडेट करने और उसके रखरखाव की जिम्मेदारी निभानी होगी। भुगतान जेईपीसी, रांची के माध्यम से किया जाएगा। वेबसाइट के माध्यम से विद्यालय की गतिविधियों, शैक्षणिक सूचनाओं और अन्य जरूरी जानकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

आज कोटेशन जमा करने की अंतिम तिथि, कल खुलेगा टेंडर
विद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार कोटेशन जमा करने की अंतिम तिथि 19 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं 20 नवंबर 2026 को शाम चार बजे टेंडर खोला जाएगा। इच्छुक आईटी कंपनियां निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना कोटेशन जमा कर सकती हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 1950 में स्थापित इस विद्यालय का वर्ष 2022 में उत्क्रमण हुआ था। अब सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में चयन के बाद विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल व्यवस्था विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। इससे सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की उम्मीद है।
