गिरिडीह में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए लगेगा विशेष कैंप, 18 से 26 नवंबर तक अलग-अलग जगहों पर होगी सुनवाई
Last Updated on November 18, 2026 by Gopi Krishna Verma
बिजली बिल में गड़बड़ी, खराब मीटर, ट्रांसफार्मर और लो-वोल्टेज की शिकायतों का होगा समाधान, विद्युत विभाग ने जारी किया कार्यक्रम

जमुआ। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विद्युत विभाग की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिकायत निवारण कैंप आयोजित किए जाएंगे। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल गिरिडीह की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 18 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक अलग-अलग विद्युत कार्यालयों एवं उपकेंद्रों में कैंप लगाया जाएगा।

कैंप में उपभोक्ता बिजली से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इनमें नया विद्युत कनेक्शन लेने में परेशानी, खराब ट्रांसफार्मर, बिजली बिल में गड़बड़ी, बिल नहीं मिलने की शिकायत, मीटर खराब होने, लो वोल्टेज तथा मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने जैसी समस्याएं शामिल हैं। इसके अलावा अन्य बिजली संबंधी शिकायतों का भी समाधान किया जाएगा।

इन स्थानों पर लगेगा कैंप
विद्युत विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक 18 नवंबर को विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल तिसरी, 19 नवंबर को विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल जमुआ, 20 नवंबर को राजधनवार, 21 नवंबर को देवरी विद्युत शक्ति उपकेंद्र, 23 नवंबर को बिरनी, 25 नवंबर को गांवा और 26 नवंबर को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल गिरिडीह में कैंप आयोजित किया जाएगा।

सभी कैंप का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
विद्युत कार्यपालक अभियंता ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कैंप में उपस्थित रहकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विभाग की इस पहल से बिजली उपभोक्ताओं को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान रोहित वर्मा व सरफराज आलम उपस्थित थे।
