गिरिडीह : खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एक माह में शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूरा करने का निर्देश

0

Last Updated on November 18, 2026 by Gopi Krishna Verma

उपायुक्त रामनिवास यादव ने आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; पीडीएस दुकानों और गोदामों का नियमित भौतिक निरीक्षण होगा अनिवार्य

गिरिडीह। जिले में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को पारदर्शी, सुचारू और जवाबदेह बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पात्र लाभुकों को समय पर और निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

पीडीएस दुकानों और गोदामों के नियमित निरीक्षण का निर्देश

बैठक के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से जिले में खाद्यान्न वितरण, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के संचालन, डीलरों की स्थिति और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) की अद्यतन प्रगति की जानकारी दी। इस पर उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की पीडीएस दुकानों और खाद्यान्न गोदामों का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी हकीकत जांचने और समय पर निरीक्षण प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा।

एक माह में पूरा करें ई-केवाईसी और त्रुटियों में सुधार

राशन कार्डधारियों के ई-केवाईसी कार्य की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने आगामी एक माह के भीतर शेष बचे सभी पात्र लाभुकों का ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य दिया। इसके लिए प्रखंड और पंचायत स्तर पर बेहतर समन्वय बनाकर लाभुकों को जागरूक करने व सहयोग देने को कहा गया। साथ ही, राशन कार्ड से जुड़ी लंबित और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों में नियमानुसार शीघ्र सुधार करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और किसी भी तरह की शिथिलता न बरतने की हिदायत दी। इस समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed