गिरिडीह को मिलेगी बड़ी सौगात: पीरटांड़ में 150 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य चिड़ियाघर, रॉयल बंगाल टाइगर से लेकर गंगा डॉल्फिन तक का होगा दीदार
Last Updated on November 18, 2026 by Gopi Krishna Verma
68.21 हेक्टेयर वन भूमि पर विकसित होगा प्रोजेक्ट, बिना नए भू-अर्जन के होगा निर्माण; पारसनाथ आने वाले पर्यटकों को मिलेगा नया आकर्षण और स्थानीय युवाओं को रोजगार

गिरिडीह। गिरिडीह जिले के पर्यटन मानचित्र पर एक नया और बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। जिले में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीरटांड़ प्रखंड में एक भव्य चिड़ियाघर (जू) की स्थापना की जाएगी। सक्षम स्तर से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव और पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने इस प्रोजेक्ट की विस्तृत रूपरेखा मीडिया के सामने रखी।

बिना भू-अर्जन के 68.21 हेक्टेयर में होगा निर्माण
अधिकारियों ने बताया कि यह चिड़ियाघर गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के नियंत्रणाधीन पीरटांड़ थाना क्षेत्र के छह मौजों— दुधनियां, कबरीयाबेड़ा, कुंहरलालो, मदनपुरा, कटवारा और करुणपुरा की कुल 68.21 हेक्टेयर भूमि पर स्थापित होगा। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार द्वारा इस संबंध में अधिसूचना (ज्ञापांक 2981) जारी कर दी गई है। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत लगभग 150 करोड़ रुपये है। सबसे खास बात यह है कि चिड़ियाघर के निर्माण के लिए किसी भी तरह का नया भू-अर्जन या विस्थापन नहीं किया जाएगा।

रॉयल बंगाल टाइगर, गौर और गंगा डॉल्फिन होंगे मुख्य आकर्षण
प्रस्तावित चिड़ियाघर में पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों को दुर्लभ जीव-जंतुओं और पक्षियों की विविध प्रजातियां नजदीक से देखने को मिलेंगी। यहां मुख्य रूप से:
- वन्यजीव: रॉयल बंगाल टाइगर, हाथी, हिमालयी काला भालू, स्लॉथ भालू (रीछ), तेंदुआ बिल्ली (लेपर्ड कैट), जंगल बिल्ली, सियार, लोमड़ी, धारीदार लकड़बग्घा, चीतल, काकड़ (भौंकने वाला हिरण), सांभर, नीलगाय, काला हिरण (ब्लैकबक), भारतीय गौर (बाइसन), दरियाई घोड़ा (हिप्पोपोटामस) और गंगा डॉल्फिन।
- पक्षी: एमू, शुतुरमुर्ग, भारतीय मोर और तीतर कुल (फीजेंट) की विभिन्न प्रजातियां।

सड़क, रेल और हवाई मार्ग से बेहतरीन कनेक्टिविटी
भौगोलिक दृष्टि से चिड़ियाघर का स्थल बेहद सुविधाजनक है। यह गिरिडीह-डुमरी राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 114A (NH-114A) के ठीक किनारे स्थित है।
- सड़क मार्ग: गिरिडीह शहर से इसकी दूरी मात्र 15 किमी और प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल पारसनाथ (मधुबन) से लगभग 16 किमी है।
- रेल मार्ग: गिरिडीह रेलवे स्टेशन से 16 किमी और पारसनाथ रेलवे स्टेशन से यह लगभग 40 किमी दूर है।
- हवाई मार्ग: देवघर एयरपोर्ट से इसकी दूरी लगभग 85 किमी और रांची एयरपोर्ट से लगभग 175 किमी है।

दो दर्जन गांवों की बदलेगी तस्वीर, बढ़ेगा रोजगार
पारसनाथ तीर्थस्थल, कुंहरलालो बायोडायवर्सिटी पार्क और रिजुविलिका जैन मंदिर के करीब होने के कारण यह चिड़ियाघर पर्यटकों के लिए एक संपूर्ण टूरिज्म सर्किट तैयार करेगा। इससे स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन और छोटे व्यवसायों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस परियोजना से आसपास के करीब दो दर्जन गांवों— दुधनियां, कबरीयाबेड़ा, मदनपुरा, कटवारा, करुणपुरा, बंदरकुप्पी, कुंहरलालो, पालगंज, बेरदोंगा, पालमो, जीतकुंडी, बरमसिया, मांझीडीह, मटरुखा, खुदीसार, विशुनपुर, बरदेही, करन्दो, जुमुआ, चिलगा, बांध और पीरटांड़ के निवासियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए द्वार खुलेंगे। साथ ही, यह केंद्र विद्यार्थियों और युवाओं में पर्यावरण व जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
