किशोरी की संदिग्ध मौत: शव दफनाने की तैयारी के बीच पहुंची पुलिस, चार हिरासत में; शादी की नीयत से भगाने का गंभीर आरोप

0

Last Updated on November 12, 2026 by Gopi Krishna Verma

गर्भवती थी किशोरी, रास्ते में हुई मौत: पुलिस

गिरिडीह। लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों को सूचना दिए बिना शव को दफनाने की तैयारी की जा रही थी, तभी मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।

शादी की नीयत से भगाने और गंभीर आरोप

परिजनों के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व दीपावली के दौरान बरदोनी निवासी रति मुर्मू किशोरी को अपने साथ ले गया था। परिजनों का आरोप है कि स्थानीय मुखिया अनीता हेंब्रम के पति तालो हांसदा ने पंचायत के माध्यम से न्याय दिलाने और बेटी को वापस लाने का भरोसा दिया था, लेकिन इसी आश्वासन के सहारे उन्होंने थाने में लिखित शिकायत नहीं की।

मृतका के चचेरे भाई मुकेश मुर्मू ने आरोप लगाया है कि तालो हांसदा ने आरोपी पक्ष का साथ दिया। मृतका के पिता विजय मुर्मू का कहना है कि उनकी बेटी नाबालिग थी और यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।

गर्भवती थी किशोरी, रास्ते में हुई मौत: पुलिस

थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि किशोरी गर्भवती थी और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बरदोनी गांव के समीप बड़ेसर पहाड़ी के पास से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बिना सूचना शव दफनाने की हो रही थी तैयारी

परिजनों का आरोप है कि मंगलवार को किशोरी की मौत के बाद तालो हांसदा, रति मुर्मू और उसके माता-पिता ने बिना उन्हें सूचना दिए शव को दफनाने की गुप्त तैयारी कर ली थी। गांव के कुछ लोगों ने जब इसकी जानकारी मोबाइल पर मृतका के परिजनों को दी, तो आक्रोशित परिजन थाना गेट पर जुट गए और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

फिलहाल, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed