JAC Board Exam 2027: जैक मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आज से शुरू, सिर्फ इस तारीख तक बिना लेट फीस भरें फॉर्म

0

Last Updated on November 12, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह जिले से करीब 78 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल; गलतियों से बचने के लिए बोर्ड ने पहले ही जारी कर दिया है प्रोफॉर्मा

गिरिडीह। झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) द्वारा वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया आज यानी 12 नवंबर से आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। छात्र-छात्राएं जैक की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इस बार अकेले गिरिडीह जिले से मैट्रिक में करीब 46 हजार और इंटरमीडिएट में लगभग 32 हजार परीक्षार्थी यानी कुल 78 हजार से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है।

महत्वपूर्ण तिथियां और शुल्क विवरण:

  • बिना विलंब शुल्क के आवेदन: 12 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक बिना किसी लेट फीस के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इस अवधि के दौरान ही चालान जनरेट होगा।
  • शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि (बिना विलंब शुल्क): ऑनलाइन या आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 तय की गई है।
  • विलंब शुल्क (Late Fine) के साथ आवेदन: यदि कोई छात्र इस अवधि में फॉर्म नहीं भर पाता है, तो वह 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भर सकता है, जिसका शुल्क 7 दिसंबर तक जमा करना होगा।

गलतियों से बचने के लिए विशेष निर्देश और प्रोफॉर्मा जारी

फॉर्म भरने के दौरान जल्दबाजी में होने वाली त्रुटियों और विद्यार्थियों के फॉर्म छूटने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए, जैक ने आवेदन पत्र का प्रोफॉर्मा पोर्टल शुरू होने से पहले ही वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया था। संस्थान के प्रधानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इसे डाउनलोड कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएं।

जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) विनय कुमार ने सभी हाई स्कूलों और इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे तय समय सीमा के भीतर सभी योग्य छात्र-छात्राओं का फॉर्म भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि फॉर्म भरने से पहले नाम, जन्मतिथि, पंजीयन संख्या और अन्य शैक्षणिक विवरणों का मिलान स्कूल में उपलब्ध एलओएस (लिस्ट ऑफ स्टूडेंट्स) से अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि किसी भी छात्र का भविष्य गलत प्रविष्टि के कारण प्रभावित न हो। डीईओ ने विद्यार्थियों से भी अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा करें।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed