गिरिडीह के 1.11 लाख लाभुकों के लिए बड़ी खबर! राज्य खाद्य सुरक्षा योजना में नए राशन कार्ड पर लगेगी रोक
Last Updated on November 4, 2026 by Gopi Krishna Verma
जिले के लिए 1,11,198 लाभुकों का लक्ष्य निर्धारित, लक्ष्य पूरा होते ही नए लाभुकों का नाम जोड़ने पर लगेगी रोक

गिरिडीह। झारखंड सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत गिरिडीह जिले के लिए लाभुकों का नया लक्ष्य निर्धारित किया है। नीति आयोग के बहुआयामी गरीबी सूचकांक (एमपीआई) 2023 के आधार पर जारी विभागीय अधिसूचना के अनुसार, गिरिडीह में कुल 1,11,198 लाभुकों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है।

विभागीय जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के कुल लाभुकों का लक्ष्य 20 लाख से बढ़ाकर 25 लाख कर दिया है। इसके तहत जिलावार लाभुकों की संख्या निर्धारित की गई है। गिरिडीह के लिए तय लक्ष्य पूरा होने के बाद नए राशन कार्ड जारी करने पर रोक लगाई जा सकती है।
लक्ष्य पूरा होने पर नए लाभुकों की राह होगी मुश्किल
विभागीय अधिसूचना के अनुसार, जिन जिलों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक लाभुक पहले ही योजना से जुड़ चुके हैं, वहां नए लाभुकों को तब तक शामिल नहीं किया जाएगा, जब तक रिक्तियां उपलब्ध नहीं होतीं। वहीं, जिन जिलों में जगह खाली है, वहां गंभीर बीमारी और असाध्य रोग से पीड़ित पात्र मरीजों के लिए 100 रिक्तियां आरक्षित रखी जाएंगी।

इन रिक्तियों के बाद बची सीटों पर पूर्व निर्धारित प्राथमिकता के आधार पर पात्र लोगों को राशन कार्ड जारी किए जाएंगे।
पात्र लाभुकों के लिए जरूरी सूचना
गिरिडीह जिले में खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र लोगों के लिए निर्धारित लक्ष्य महत्वपूर्ण है। लक्ष्य पूरा होने के बाद नए आवेदन पर तत्काल लाभ मिलने की संभावना प्रभावित हो सकती है। ऐसे में पात्र लाभुकों को विभागीय दिशा-निर्देशों और प्रखंड स्तर पर जारी सूचनाओं पर नजर रखने की जरूरत है।
