शर्मनाक: सरायकेला के गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म, थानेदार समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित, आरोपी सिपाही गिरफ्तार

0

Last Updated on November 1, 2026 by Gopi Krishna Verma

रात 12बजे घरेलू विवाद के बाद पीसीआर वैन से पहुंचीं थीं थाने, आत्मरक्षा में काटी आरोपी की उंगली

एक नजर :

  • गम्हरिया थाने में घरेलू विवाद की शिकायत लेकर पहुंची महिला से वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा ने किया दुष्कर्म।
  • आत्मरक्षा में पीड़िता ने चाकू से काटी आरोपी की उंगली, एसपी ने एसआईटी गठित कर थाने को किया सील।
  • झारखंड हाईकोर्ट ने सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश का पालन न होने पर डीजीपी को जारी किया अवमानना नोटिस।

दुस्साहस: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में गुरुवार रात एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद की शिकायत लेकर पहुंची एक महिला के साथ सिपाही (वायरलेस ऑपरेटर) नीरज लकड़ा ने दुष्कर्म किया। पीड़िता गुरुवार रात करीब 12 बजे पीसीआर गाड़ी से थाने पहुंची थी और उसे एक कमरे में ठहराया गया था। विरोध करने और शोर मचाने पर वहां मौजूद चार अन्य पुलिसकर्मियों ने कोई मदद नहीं की।

इस दौरान आत्मरक्षा में महिला ने फल काटने वाले चाकू से आरोपी की उंगली काट दी, जिससे आरोपी के खून के धब्बे महिला के कपड़ों पर लग गए। अगले दिन सुबह आरोपी ने पीड़िता को डरा-धमकाकर और 700 रुपये देकर स्टेशन भेज दिया। बाद में पीड़िता ने पति के साथ थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले का खुलासा होने के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी ने एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है और घटनास्थल को सील कर दिया गया है। कर्तव्यहीनता के आरोप में थाना प्रभारी संजय प्रसाद, दो सब-इस्पेक्टर (मनोज साहू और अनिरुद्ध सिंह), एक हवलदार (मुनेश्वर कुमार), एक आरक्षी (संतोष राय) और मुख्य आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को निलंबित कर दिया गया है, तथा आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी सिपाही गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

थानों में सीसीटीवी पर झारखंड हाईकोर्ट का कड़ा रुख

इस बीच, झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य के सभी पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कड़ा निर्देश जारी किया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि थानों में कैमरे लगाना पुलिस की गतिविधियों पर निगरानी रखने और हिरासत में होने वाली घटनाओं की जांच के लिए बेहद जरूरी है। पूर्व में दिए गए आठ सप्ताह के आदेश का पूरी तरह पालन न होने पर हाईकोर्ट ने डीजीपी को अवमानना नोटिस जारी किया है। साथ ही, कोर्ट ने गृह सचिव से भी जवाब तलब किया है कि सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे कब तक लगा दिए जाएंगे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed