Last Updated on September 28, 2026 by Gopi Krishna Verma
कार्यकर्ताओं ने शहर में निकाला जुलूस, पुतला दहन के बाद राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

गिरिडीह: निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नीतियों के विरोध में सोमवार को गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी ने विशाल प्रदर्शन किया। शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकला यह जुलूस उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचा, जहाँ कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेसजनों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया और राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
मतदाता सूची में बदलाव और निष्पक्षता पर सवाल
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया सीधे आम नागरिकों के लोकतांत्रिक मताधिकार से जुड़ी है, इसलिए इसमें निष्पक्षता और निर्धारित कानूनी मानकों का पालन होना अनिवार्य है।
केडिया ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के दो अन्य आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के निर्णयों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराई हैं। यह दर्शाता है कि आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली और निर्णय प्रक्रिया में सब कुछ ठीक नहीं है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने और जांच की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि SIR के तहत मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों की स्वतंत्र और व्यापक समीक्षा की जाए, ताकि किसी भी वैध मतदाता का नाम अनुचित तरीके से न कटे। इसके अलावा, चुनाव आयोग की आईटी प्रणाली, डेटा प्रबंधन और इसके केंद्रीकरण की भी तकनीकी एवं संस्थागत जांच होनी चाहिए।
ज़िला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली निष्पक्ष नहीं रही है। उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की कि ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाकर गिरफ्तार किया जाए तथा उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए निर्णयों व मतदाता सूची परिवर्तनों की गहन जांच कराई जाए।
उल्लेखनीय: निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, ज्ञानेश कुमार ने 19 फरवरी 2025 को भारत के 26वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में पदभार संभाला था।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम को अशोक विश्वकर्मा, मनीर आलम, मोहम्मद अली खान, निजाम अंसारी, मोहम्मद सोहेल, अहमद रजा नूरी, मोतीलाल शास्त्री, अकबर अंसारी, मोहम्मद इम्तियाज, रणधीर चौधरी, निरंजन तिवारी, मनोज राय, इतवारी वर्मा और नागेश्वर मंडल समेत कई अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

प्रदर्शन के दौरान मोहम्मद शमी, विमल सिंह, पारस मित्र, दिवाकर सिंह, शिव कुमार राय, रामाशीष तिवारी, सहदेव पासवान, परमेश्वर यादव, पप्पू पांडे, राहुल सिंह, प्रकाश मंडल, कपिल देव राय, अनिल चौधरी, वरुण सिंह, निशाब अहमद, बिलाल अहमद, हुसैनी शाहनवाज आलम, सुलेमान अख्तर, दुर्गा शर्मा, नदीम अख्तर, प्रवीण हेंब्रम, रोशिनता हेंब्रम और शाहिद समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




