Last Updated on September 14, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में सोमवार को शातिर ठगों ने खाकी का खौफ दिखाकर एक महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवर ठग लिए। चार अज्ञात अपराधियों ने खुद को स्थानीय पुलिसकर्मी बताकर घटना को अंजाम दिया और मौके से बाइक से फरार हो गए।
तीज की खरीदारी कर लौट रही थी महिला
पीड़िता सीमा कुमारी के अनुसार, वह तीज पर्व की पूजा सामग्री खरीदकर दुकान से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान सिहोडीह के पास चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और रास्ते के किनारे ले गए। युवकों ने खुद का परिचय मुफ्फसिल थाना के पुलिसकर्मी के रूप में दिया। उन्होंने महिला से कहा, “इतने महंगे जेवर पहनकर सड़क पर घूमना खतरनाक है, कोई भी छीनकर भाग सकता है।”

चालाकी से बदली पुड़िया
अपराधियों के झांसे में आकर महिला ने अपनी सोने की चेन और अंगूठी उतारकर उनके द्वारा दी गई एक कागज की पुड़िया में रख दी। इसी बीच, ठगों ने हाथ की सफाई दिखाते हुए असली जेवरों वाली पुड़िया बदल दी और दूसरी पुड़िया महिला को थमाकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब महिला ने पुड़िया खोलकर देखी तो उसमें से जेवर गायब थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों के बाइक नंबर और पहचान का सुराग मिल सके।




